Sunday, December 3, 2023

कुछ मुक्तक

जहाँ पर मिलती है दिल को खुशियाँ तमाम

होती है वहीं पर ही ग़म में डूबी काली शाम, 

किस सरकार ने बदलके ज़िंदगी कर दिया? 

भगवान ने तो उलझन रखा था इसका नाम! 

---------------------------------------

पल यही, वक्त यही और दौर यही है

जहाँ मिले सुकूं दिल को ठौर वही है

पसंद है अगर कोई तो बता भी दो उसे

किसी के जैसा यहाँ दूसरा और नहीं है !

---------------------------------------

संवाद आंखों से हो तो तस्वीर झलक जाती है, 

लफ़्ज़ होठों से उतरें तो फ़िज़ा महक जाती है, 

गुफ़्तगू के नये तौर का ये नतीजा है बरखुरदार

बात करके शाम तलक उंगलियाँ थक जाती हैं.

----------------------------------------

फ़लसफ़ा तज़ुर्बे के बिना अधूरा होता है

तज़ुर्बा ज़ख्म के बगैर कहाँ पूरा होता है

आप औरों के किसी काम नहीं आ सकते

अच्छा होना भी यहाँ कितना बुरा होता है

-----------------------------------------

जो कभी न सोचा ऐसी भी बात देखी है

बिन बादल के भी घनी बरसात देखी है

हर हाल में खुश रहने की आदत है अब

हर रोज़ मैंने ख़्वाहिशों की मात देखी है

-----------------------------------------

सोचकर इसका अभ्युदय क्यूं होता नहीं

किससे और कब हो, तय क्यूं होता नहीं, 

प्रेम प्रस्फुटित होता है तेरी इच्छा से प्रभु

फिर इसके हिस्से ही समय क्यूं होता नहीं.

-----------------------------------------

एक अरसा हुआ, एक झलक तो मिले

और झलक यूं मिले अपलक हो मिले

कामना दिल ने कब है किया अतिशय

प्राण आ जाये इतने तलक तो मिले  ! 

-----------------------------------------

कुछ ख़्वाब सच बनाने की उम्मीद बाकी है

कुछ कर के दिखा जाने की जिद्द बाकी है, 

ये आंखें तुमको नशीली सी दिखती हैं जो, 

इन आंखों में कई ज़माने की नींद बाकी है.

--------------------------------------------

हक़ इंसानियत का अदा यूंही तमाम करते हुये

बे-अदबी भी मिले तो भी एहतराम करते हुये, 

अच्छा है सदा सबके लिये अच्छा सोचना मगर

थक जाता है इंसान अकेले ये काम करते हुये.

-------------------------------------------

तुम्हारी ये सुरम्य आंखें रक्ताभ गुलाबी हैं

और इनकी स्मित मुस्कान बड़ी प्रभावी है

कार्डियोलॉजिस्ट के लिये वरदान हो तुम? 

क्यूंकि तुम्हें देख ह्रदयरोग अवश्यंभावी है.

Thursday, July 20, 2023

फिर मुझे मिलना !


तेरे ख़्वाब ऐसे क्यूं भटकते रहते हैं, 

हो एक ठिकाना, फिर मुझे मिलना ! 

सिकंदर होगे तुम पर उलझे हुये हो, 

खुद सुलझ जाना, फिर मुझे मिलना ! 

समझते हैं तेरी नज़रों को यार

जानते हैं उन निगाहों को भी, 

बदन तक आती हैं लौट जाती हैं

दिल तक पहुंच जाना, फिर मुझे मिलना! 

____________________


हमदिली कहीं नहीं, हाँ नज़रिया बहुत है

प्यासी आंखों में आंसू का दरिया बहुत है

बगिया, गलियां, दिल, ख़त, फोन, ख़्वाब

तू इरादा तो कर, मिलने का जरिया बहुत है

___________________


दर्द दफ़्न हो जाते होठों पे ही, समात नहीं होती, 

मसर्रत हासिल यह अपने ही सौगात नहीं होती, 

जिनसे गूफ़्तगू होती है उनसे कह ही नहीं सकते

जो दिल के करीब लगता उससे बात नहीं होती.

____________________


दिल में तेरे क्या है, तू क्यूं जान पाता नहीं?

जानता है जो फिर मुझे क्यूं बतलाता नहीं?

तेरे कशमकश ने बडा़ कलेश कर रखा है, 

रहना नहीं है तो छोड़कर क्यूं जाता नहीं?

____________________


काश मुझे भी हो, ये तेरी जुबां से निकलता है

इश्क की बात पे ही आह अरमां से निकलता है

बस नाम सुनते ही ये तन में गरमी आती है ना

कर के देख पसीना कहाँ कहाँ से निकलता है.

___________________


क्या कहा? वो दिल का बुरा नहीं 

यार, लोगों को क्या मालूम? 

ओ अच्छा! नीयत में ज़फा नहीं

यार, लोगों को क्या मालूम?

दिल के करीब होगे तुम यार

लोग तो परखेंगे बर्ताव पर ही ना

उसका दिल आम रास्ता तो नहीं

यार, लोगों को क्या मालूम?

__________________


Sunday, July 16, 2023

सावन

सावन की रिमझिम में दिल को डुबो कर देखता हूं

पुरानी यादें सूखी पड़ी हैं ज़रा भींगो कर देखता हूं.


खुशी से ताल्लुक अपना कुछ ऐसा रहा है मेरे यार

कभी मिलती है तो खुद को सूई चुभो कर देखता हूं.


मुलाकात भी बंद है और ख्वाब में भी आते नहीं

सोच रहा हूं आज खुली आंख सो कर देखता हूं.


थक गया हूं मैं नाकाम हसरतों के दर्द झेल कर

तो अच्छा है अब सारी चाहतें खो कर देखता हूं.


ता-उम्र नेक काम किये पर नाम कुछ हुआ नहीं

फैसला अब कर लिया बदनाम हो कर देखता हूं.


ज़िंदगी जब भी मुसलसल बोर करने लगती है

जो पहले कभी ना किया तब वो कर देखता हूं.


दवा, बातें, वक्त, दुआएं जब कुछ काम आते नहीं

तब अपने जख्मों को आंसू से धो कर देखता हूं.


ज़िंदगी की सूखी फसल शायद हरी हो जाये कल

रोज़ सुबह उम्मीद का एक बीज बो कर देखता हूं.

                               __________________

इल्तिजा

मैं तारों से बातें करता था, 

यूं तमाम हर रातें करता था.

दिल में मेरे बस ग़म ही थे, 

खुशी के कारण कम ही थे.

सब की नज़रों में सिकंदर था, 

पर मन भय का एक समंदर था.

दिन रात यूं सबकी फिक्र में था, 

स्वंय खुद से कभी जिक्र न था.

दी सबको तो खुशहाली थी, 

पर खुद तो बदली काली थी.

सपने सब कब से रूखे थे, 

इक आस के जैसे भूखे थे.

ख्वाहिश तो दिल में चंद ही थे, 

पर उम्मीद उनकी भी बंद ही थे.


सुख के पल अपनों को लाई थी, 

पर फिर बाद वही तन्हाई थी.

और वो पल भी अक्सर आता था, 

जब मन का दर्द बहुत गहराता था.

जाल भंवर का यूं छा जाता था

कि बस अंधकार ही भाता था.

सुनता कौन? तो कह ही नहीं पाते थे, 

मर्द था न, आंसू बह भी नहीं पाते थे.


आंखों में सागर की सूखी लहरें छाईं थी, 

और तब नज़रों से तेरी सूरत टकराई थी.

जाने क्या था क्यूं था कि 

तेरी सूरत इतनी भायी थी, 

अनजाने ही दिल तक मेरे

वो निश्छल हंसी समायी थी.

फिर मन में तरंगें अथाह उठी थी, 

तुमसे मिलने की चाह उठी थी.


जिस ईश्वर ने ये रोग लगाया था

उसने ही सुखद संयोग बनाया था.

ये दुनिया इतनी प्यारी होने वाली थी, 

कब सोचा था यूं यारी होने वाली थी.

अवसर आया कुछ मुलाकातों का

कुछ पल चुप और कुछ बातों का, 

मिल कर जुड़ते उन ज़ज्बातों का

सिलसिला फिर जागती रातों का.

तेरे मन में भी कुछ जरुर हुआ था, 

दिल के कोने को शायद मैंने छुआ था.


हां दिल के तार जुड़ चले थे, 

मन आसमान में उड़ चले थे.

बरसों से जो पल चाहे थे, 

तुम संग ही मैंने पाये थे.

वो पल भी फिर अनेक हुये, 

दो थे, जाने कब एक हुये.

कैसे तुम ये जतन कर लेते हो, 

आंखों में ही सब पढ़ लेते हो.

चाहे घिरे ग़म के बादल हों, 

या खुशी का कोई इक पल हो.

तुम्हें ही बताने की चाहत रहती है, 

बता दूं, फिर बड़ी राहत रहती है.


तुम साथ हो तो एक सुकून होता है

ज़िंदगी जीने का एक जूनून होता है

यूं तो बस पानी जैसा ही लगता है

तुम साथ हो तो रगों में खून होता है.

मुझे तुम दिल से कभी दूर ना करना, 

भंवरों में लौटने को मजबूर ना करना.

अब इल्तिजा बस इतनी सी है कि

इक दूजे का केयर करना बंद ना हो, 

कभी दूर भले कितने भी रहें हम

सुख दुख का शेयर करना बंद ना हो.

Monday, July 3, 2023

अश्रु



इंसान रोता कब है....?


जब पीड़ा से मन फटता हो

और बुनने वाला कोई ना हो,

जब दिल के टुकड़े बिखरें हों

और चुनने वाला कोई ना हो,

जब दर्द शब्द में ढ़ल कर भी

यूं कंठ के अंदर सिमटा हो

जब लब कहने को आतुर हों

और सुनने वाला कोई ना हो !

तब दिल के अंदर की पीड़ा

आंखों से बाहर बहती है

मन हल्का होते रहता है

और दुनिया कायर कहती है!


उपरोक्त पंक्तियों में जो भाव है उसके एक विपरीत पहलू पर मैंने कुछ लिखने की कोशिश की है. पढ़िये और अपनी प्रतिक्रिया कमेंट्स में अवश्य बताईये................ 


इंसान कब नहीं रोता है? 


दुख दिल का साझा करने को

जो अपना सा कोई पास हो,

या बंध कुछ ऐसा गहरा हो

कि दूरी का ना अहसास हो


जब दर्द की सर्द सी आहों से

मुख से कोई बोल नहीं फूटे

पर वो बूझ जायेगा नज़रों से

इसका दिल को विश्वास हो !


गर कोई हाथ पकड़ने वाला हो

या कोई मन को पढ़ने वाला हो.

आंखों सासों के रिश्ते से

यूं पीर सभी कम रहता है, 

जब यार कोई संग ऐसा हो

फिर कहां कोई ग़म रहता है !!



Sunday, May 14, 2023

मुस्कान

ज़िंदगी है तो दर्द भी है

चैन-ओ-आराम नहीं है, 

पर प्यारी सुबहा भी है

सिर्फ ग़म की शाम नहीं है, 


इसलिये मुस्कुराओ और

मुस्कानें बिखेरते रहो

क्यूंकि होठों से दूसरा

बेहतरीन काम यही है!

Wednesday, May 10, 2023

इतना तो पता है !


हाँ, हम फिर मिलेंगे !

किस्मत की धूप में कुम्हलाए कुसुम

पुन: अवश्य खिलेंगे

हाँ, हम फिर मिलेंगे !


कब? ये तो ज़हन में अभी लापता है

पर कहाँ, कैसे, किस तरह, इतना तो पता है !

 

जब उतरेगी सूरज की पहली किरण

तो हम ठंडी ठंडी हवा के झोंकें बन

जैसे पवन आती शीतल नदी के अर्श पर

वैसे ही कोमलता से तन मन को स्पर्श कर


दिवस के उस मधुर पहर में

सुकून भरे सुहाने से सहर में

थाम कर एक दूजे का हाथ

और बस धड़कनें करेंगी बात

कब? ये तो ज़हन में अभी लापता है

पर कहाँ, कैसे, किस तरह, इतना तो पता है !

 

जैसे पत्तियाँ चाय में  घुल कर मिल जाते हैं

और दोनों एक ही स्याह रंग में  खिल जाते हैं

इतना कि कह ही नही सकते कि कौन बड़ा है

और किसके रंग का असर किस पर चढ़ा है

कुछ वैसे ही सुबह की पहली चाय की प्याली संग

और एक दूसरे में घुले हमारे खुश्बू-ख़याली रंग


अमृत रस भरेंगे आँखों और ज़ुबान में

यूँ महकेंगे इश्क़ में डूबे मीठी मुस्कान में

कब? ये तो ज़हन में अभी लापता है

पर कहाँ, कैसे, किस तरह, इतना तो पता है !

 

मिट्टी पर पड़ी पहली बारिश की बूँदों के बाद

ज्यों हवा में घुलता सौंधी सी खुश्बू का स्वाद

उन बूँदों जैसे ही उतर जाएँगे प्यासे अधरों पर

और फिर खुश्बू बिखरेगी उमंगों की लहरों पर


सांसों के संवादों की लेकर थाह

संग सुकून की एक गहरी आह

अम्न चैन से सीने से लग जायेंगें

और ग़म के बादल यूं भग जायेंगें

कब? ये तो ज़हन में अभी लापता है

पर कहाँ, कैसे, किस तरह, इतना तो पता है !

 

दिन के अंत में खामोशी से ना यूँ कल्पनाओं में रहेंगे

ये ख़याल ख्वाब ना शब्द बन बस भावनाओं में बहेंगें

कलम की स्याही बन कोरे पन्नों को भरेंगें

और यूं इस अधूरी कहानी को पूरा करेंगें

हाँ मालूम है भाग्य हौसलों को साध सकती है

हाथों की लकीरें दिल की उम्मीदें बांध सकती है


पर नसीब के महासागर को भी पाट कर

किस्मत की उन तमाम रेखाओं को काट कर

हकीकत में ये सब रंग अपने दामन के हासिल आयेंगीं

और हमारी जीवन रेखाएं यूं आपस में मिल जायेंगीं

अभी हम तुम में हैं और कभी तुम होते हो हम में

यकीन है कि हम बस हम हो रहेंगें अगले जनम में

कब? ये तो ज़हन में अभी लापता है

पर कहाँ, कैसे, किस तरह, इतना तो पता है !

हाँ इतना तो पता है !

नमन माटी के उन सपूतों को

जिनके लहू की हर बूँद से, भारत स्वर्णिम परिवेश हुआ, नमन माटी के उन सपूतों को, जिनसे रोशन देश हुआ। १ जिनने हँसकर प्राण दिए थे, माँ की लाज बचान...