Saturday, August 15, 2026

नमन माटी के उन सपूतों को

जिनके लहू की हर बूँद से,

भारत स्वर्णिम परिवेश हुआ,

नमन माटी के उन सपूतों को,

जिनसे रोशन देश हुआ।

१

जिनने हँसकर प्राण दिए थे,

माँ की लाज बचाने को,

जिनने अपना आज लुटाया,

भारत का कल पाने को।

खुद के घर के दीप बुझे

जिनके पग लाखों शूल मिले,

आँगन जिनके सूने थे पर,

भारत के आँगन फूल खिले।

जिनके वीर पराक्रम से,

अपना हर दुश्मन शेष हुआ

नमन माटी के उन सपूतों को,

जिनसे रोशन देश हुआ!

२

सीने पे शत-शत घाव सहे,

पर शीश कभी न झुकने दिया,

मृत्यु खड़ी थी सम्मुख पर,

पग को पीछे न मुड़ने दिया।

रण में जब गूँजी हुंकारें,

काँप उठा शत्रु का मन,

रक्त-शोणित की ज्वाला से,

तिल-तिल जला हर दुश्मन।

जिनके रण-रक्तिम त्यागों से,

स्वाधीन प्रभात का वेश हुआ

नमन माटी के उन सपूतों को,

जिनसे रोशन देश हुआ!

३

माँ ने आँसू पीकर अपने,

रण को अपना अंश दिया,

सुहागिन ने वीर-विरह का,

जीवन भर का दंश लिया

मातृभूमि की रक्षा में

बहनों ने अपनी राखी दे दी,

कितने बापों ने देश की खातिर

हंसकर अपनी लाठी दे दी

ऐसे अनगिन बलिदानों से

हर संकट अवशेष हुआ।

नमन माटी के उन सपूतों को,

जिनसे रोशन देश हुआ!

४

हिमगिरि के उच्च शिखर पर,

जो प्रहरी बन खड़े हुए,

बर्फीली आँधी में भी जो,

भारत के हित अड़े हुए।

जो जाग रहे हैं सीमा पर,

हर उत्सव-त्योहारों में,

जिनके दम पर चैन से सोते,

हम अपने घर-बारों में।

जिनकी जागी आँखों से ही,

भारत निर्भय स्वदेश हुआ

नमन माटी के उन सपूतों को,

जिनसे रोशन देश हुआ!

५

कर्ज नहीं हम उन वीरों का,

बस फूल चढ़ाकर टालेंगे,

जिन सपनों पर प्राण दिए वो,

प्राण लगाकर पालेंगे।

उठो, समय फिर माँग रहा है

त्याग, तपस्या और बलिदान,

जाति-पंथ की क्षुद्र सीमाएँ,

तोड़ उठे अब हिंदुस्तान।

जिस दिन हम सब एक हुए तो,

भारत फिर विश्व-विशेष हुआ

नमन माटी के उन सपूतों को,

जिनसे रोशन देश हुआ!

10 comments:

  1. अति सुन्दर सर

    ReplyDelete
    Replies
    1. आपके उत्साहवर्धक प्रतिसाद के लिये बहुत बहुत धन्यवाद!

      Delete
  2. भावपूर्ण।

    ReplyDelete
  3. सुंदर अप्रतिम

    ReplyDelete
    Replies
    1. बहुत बहुत धन्यवाद🙏💕

      Delete
  4. बहुत ही सुंदर, भूतकाल के बलिदान को याद कर आज पुनः देश को संवांरने की अपील. बहुत सुंदर.

    ReplyDelete
    Replies
    1. आपके द्वारा मिले इन प्रोत्साहन रूपी शब्दों के लिये धन्यवाद! आगे भी मेरे इस ब्लाॅग पृष्ठ पर आपके आगमन अवश्य हो ऐसी कामना है!

      Delete
  5. बहुत सुंदर, अति उत्तम ,ओजपूर्ण !!
    आपकी रचना उन वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश के लिये सर्वोच्च बलिदान दिया है. साथ ही, वर्तमान पीढ़ी को, कर्तव्य बोध भी कराया है.

    ReplyDelete
    Replies
    1. आपके उत्साहवर्धक प्रतिसाद के लिये बहुत बहुत धन्यवाद!

      Delete

your comment is the secret of my energy

चाय पीने के भी कुछ उसूल होते हैं

चाय पीने के भी कुछ उसूल होते हैं, ये हर किसी को कहाँ माकूल होते हैं। चाय हो, संग तन्हाई हो, या कोई हमदम हो, ऐसे चंद लम्हे ज़िंदगी में बेहद म...